14वीं सिविल सेवा परीक्षा जांच: CID ने JPSC के तीनों सदस्यों को पूछताछ के लिए किया तलब

रांची। 14वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही राज्य अपराध अनुसंधान विभाग (CID) ने झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) के तीनों वर्तमान सदस्यों को पूछताछ के लिए तलब किया है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, डॉ. अजिता भट्टाचार्य, डॉ. अनिमा हांसदा और डॉ. जमाल अहमद को 10 अगस्त से 14 अगस्त के बीच अलग-अलग दिनों में CID कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। जांच एजेंसी तीनों सदस्यों से अलग-अलग पूछताछ करेगी।

उल्लेखनीय है कि इन तीनों की नियुक्ति 2 सितंबर 2021 को हुई थी। इससे पहले अगस्त 2021 में झारखंड मंत्रिमंडल ने इनके नामों को मंजूरी दी थी।

इससे पूर्व CID ने इस मामले में पूर्व मुख्य सचिव एवं तत्कालीन JPSC अध्यक्ष एल. ख्यांगते से भी चार चरणों में पूछताछ की थी। ख्यांगते ने विवाद के बीच अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।

अब तक कथित नियुक्ति घोटाले से जुड़े 14 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। CID 14वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा के आयोजन, मूल्यांकन प्रक्रिया और भर्ती में कथित अनियमितताओं की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। जांच एजेंसी का मानना है कि मामले की जांच का दायरा आगे और बढ़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *