झारखंड विधानसभा के चारदीवारी तक पहुंचा जेपीएससी-जेएसएससी आंदोलन, पुलिस ने किया बल प्रयोग; दिनभर कैद रहे विपक्ष, पूर्व जेपीएससी अध्यक्ष गिरफ्तार

रांची

22 जुलाई से राजधानी रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहा छात्रों का आंदोलन सोमवार को विधानसभा परिसर तक पहुंच गया। जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर आंदोलनरत छात्रों ने सोमवार को विधानसभा घेराव का कार्यक्रम तय किया था, जिसमें आधे दर्जन छात्र संगठन शामिल हुए। छात्रों पर पुलिसिया कार्रवाई के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् ने 11 अगस्त मंगलवार को विधानसभा घेराव की घोषणा की है।

छात्र समूह सुबह 9 बजे से ही विधानसभा के नजदीक शहीद मैदान में जुटने लगे थे। जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म्स के बैनर तले विधानसभा मार्च और घेराव की घोषणा एक सप्ताह पहले ही कर दी गई थी। इस प्रदर्शन में जेएलकेएम, झारखंड छात्र संघ, एनएसयूआई, एसएफआई के अलावा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और भाजपा युवा वाहिनी ने भी समर्थन दिया।

दोपहर 12 बजे के आसपास छात्रों ने नारेबाजी करते हुए विधानसभा की ओर रुख किया। प्रशासन ने उन्हें रोकने के लिए आठ स्तर की बैरिकेडिंग लगा रखी थी, लेकिन छात्र सात बैरिकेडिंग तोड़ते हुए अंतिम बैरियर भी पार करने में सफल रहे। यहां से विधानसभा भवन महज कुछ कदम दूर था। देर शाम तक छात्रों का दल विधानसभा के चाहरदीवारी तक पहुंच गया और वहां वो आंदोलन पर बैठ गये। छात्रों को नियंत्रित करने के लिए लगभग 1,500 जवानों की तैनाती की गई थी और ड्रोन से लगातार निगरानी हो रही थी। अंतिम समय तक पुलिस और प्रशासन ने अपेक्षाकृत नरम रुख अपनाया। सातवें बैरिकेड पर पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और लगभग एक दर्जन राउंड आंसू गैस के गोले छोड़े।

शाम तक छात्र विधानसभा परिसर के चारदीवारी तक पहुंच गए। पुलिस ने बल प्रयोग कर उन्हें तितर-बितर करने का प्रयास किया, लेकिन तनाव की स्थिति बनी रही। इस दौरान आधे दर्जन छात्र और कुछ जवान भी घायल हुए।

विपक्ष दिनभर हिरासत में

सोमवार को विपक्ष भी एक्शन मोड में नजर आया। एक तरफ छात्र विधानसभा मार्च में व्यस्त थे, वहीं प्रमुख विपक्षी दल भाजपा के विधायकों ने सुबह 10 बजे अचानक मुख्यमंत्री आवास का घेराव कर दिया। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी अपने विधायकों और प्रमुख नेताओं के साथ कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास के सामने धरने पर बैठ गए। पुलिस ने सभी नेताओं को हिरासत में लेकर खेलगांव स्थित कैंप जेल में शिफ्ट कर दिया। पूरे दिन भाजपा विधायक दल खेलगांव में ही कैद रहा और वे विधानसभा की कार्यवाही में शामिल नहीं हो सके।

सदन में शांति, बाहर हंगामा

11 बजे मानसून सत्र की कार्यवाही शुरू हुई। 6 अगस्त से लगातार सदन में गतिरोध बना हुआ था, लेकिन सोमवार को माहौल उलट नजर आया। सदन के अंदर कोई शोर-शराबा नहीं हुआ, जबकि बाहर हंगामा जारी रहा। विपक्ष की अनुपस्थिति में सदन की कार्यवाही संपन्न हुई। प्रश्नकाल में भाजपा विधायकों के प्रश्न आए, लेकिन उनकी गैरमौजूदगी के कारण पूरक प्रश्न पूछने वाला कोई नहीं था। विधानसभा अध्यक्ष ने इस पर नाराजगी जताते हुए कहा कि विधायक सवाल तो लाते हैं, लेकिन खुद सदन में मौजूद नहीं रहते।

आजसू पार्टी के इकलौते विधायक निर्मल महतो पूरे सत्र के दौरान विधानसभा गेट पर लेटकर विरोध दर्ज कराते रहे। सोमवार को विधानसभा से 8,399 करोड़ रुपये का प्रथम अनुपूरक बजट पारित हो गया। सत्र 12 अगस्त तक चलेगा।

सरकार का पक्ष

मंत्री सुदिव्य कुमार ने सदन को बताया कि 14वीं जेपीएससी में अनियमितताओं के मामले में अब तक 19 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। सरकार निष्पक्ष जांच कर रही है। संबंधित अधिकारियों के इस्तीफे हो चुके हैं और उनकी पूछताछ भी चल रही है। मामले से जुड़े साक्ष्य जब्त कर लिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार ने आंदोलनकारियों से तीन मुद्दों—जांच, परीक्षा रद्द करने और भविष्य में सुधार—पर बातचीत की है। सरकार 14वीं जेपीएससी और दो सीमित परीक्षाओं को रद्द करने के लिए तैयार है। टीडीपीएल द्वारा आयोजित परीक्षाओं की जांच और ईडी जांच के लिए भी सहमति जताई गई है। मंत्री ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह छात्रों के मुद्दे पर राजनीति कर रही है और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है।

पूर्व जेपीएससी अध्यक्ष गिरफ्तार

सोमवार को सीआईडी ने झारखंड के पूर्व मुख्य सचिव एवं पूर्व जेपीएससी अध्यक्ष एल. खियांग्ते को उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया। जेपीएससी कथित घोटाले के मामले में वे जांच के केंद्र में रहे हैं। सीआईडी पहले ही उनसे चार बार पूछताछ कर चुकी है।

इसी दिन सीआईडी ने जेपीएससी सदस्य अजीता भट्टाचार्य से पूछताछ भी शुरू की। रविवार को अजीता भट्टाचार्य समेत तीनों सदस्यों ने इस्तीफा दे दिया था। अब सीआईडी बारी-बारी से तीनों सदस्यों से पूछताछ करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *