रांची: झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र 6 अगस्त से 12 अगस्त तक चलेगा। सत्र के सुचारू और सार्थक संचालन को लेकर विधानसभा की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
सत्र शुरू होने से एक दिन पहले बुधवार को विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक हुई। बैठक में सदन के नेता, नेता प्रतिपक्ष, संसदीय कार्य मंत्री सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और विधायक शामिल हुए।
बैठक के बाद विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने कहा कि गुरुवार से शुरू होने वाले मानसून सत्र के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि सदन के सुचारू संचालन को लेकर 3 अगस्त को हुई हाई पावर कमेटी की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए थे।
वहीं, 6 अगस्त को विधानसभा की कार्यमंत्रणा समिति की बैठक भी होगी। इसमें मानसून सत्र के दौरान सदन के कामकाज और कार्यसूची को लेकर चर्चा की जाएगी।
अध्यक्ष ने बताया कि बुधवार की सर्वदलीय बैठक में विभिन्न दलों के नेताओं और प्रतिनिधियों के साथ सत्र के औपबंधिक कार्यक्रम पर भी चर्चा की गई। उन्होंने उम्मीद जताई कि मानसून सत्र का सफल संचालन होगा और राज्यहित में सार्थक परिणाम सामने आएंगे।
बैठक में संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, विधायक प्रदीप यादव, सुरेश पासवान, अरूप चटर्जी, जयराम कुमार महतो और निर्मल महतो सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

