एक दशक बाद जूनियर राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में झारखंड

कोयंबटूर: झारखंड की जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने शानदार वापसी करते हुए 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप 2026 के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। बुधवार को खेले गए रोमांचक क्वार्टर फाइनल में झारखंड ने उत्तर प्रदेश को पेनाल्टी शूटआउट में 4-3 से हराया।

28 जुलाई से 8 अगस्त तक तमिलनाडु के कोयंबटूर में आयोजित प्रतियोगिता में झारखंड ने करीब एक दशक बाद सेमीफाइनल में प्रवेश किया है। मैच में एक समय झारखंड की टीम 2-3 से पिछड़ रही थी, लेकिन मैच समाप्त होने से महज 25 सेकंड पहले निकोलस टोपनो ने शानदार फील्ड गोल कर स्कोर 3-3 से बराबर कर दिया और मुकाबले को पेनाल्टी शूटआउट तक पहुंचा दिया।

मैच के 26वें मिनट में पतरस हस्सा ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर झारखंड को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद उत्तर प्रदेश ने 30वें मिनट में फील्ड गोल कर बराबरी हासिल की और 33वें मिनट में एक और गोल कर 2-1 की बढ़त बना ली।

झारखंड ने 43वें मिनट में वापसी की। ग्लेडसन भेंगरा ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 2-2 कर दिया। हालांकि, 50वें मिनट में उत्तर प्रदेश ने फिर गोल कर 3-2 की बढ़त हासिल कर ली।

इसके बाद झारखंड ने लगातार आक्रामक खेल दिखाया। उत्तर प्रदेश की मजबूत रक्षापंक्ति लंबे समय तक झारखंड के हमलों को रोकती रही, लेकिन झारखंड के खिलाड़ियों ने अंतिम क्षण तक संघर्ष जारी रखा। इसका फायदा टीम को मैच के अंतिम 25 सेकंड में मिला, जब निकोलस टोपनो के गोल ने मुकाबला 3-3 से बराबर कर दिया।

शूटआउट में झारखंड ने मारी बाजी

पेनाल्टी शूटआउट में झारखंड की ओर से रोहित तिर्की, पतरस हस्सा, जोलेन सांगा और अंकित एक्का ने गोल किए। गंगा टोपनो अपना प्रयास गोल में नहीं बदल सके।

झारखंड के गोलकीपर प्रिंस साहू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्तर प्रदेश के दो खिलाड़ियों के प्रयासों को रोक दिया। उनकी इस भूमिका ने झारखंड की जीत में अहम योगदान दिया।

मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए पतरस हस्सा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

पंजाब से मिली हार के बाद शानदार वापसी

झारखंड ने प्रतियोगिता की शुरुआत पंजाब के खिलाफ 3-12 की करारी हार से की थी। हालांकि, टीम ने हार से सबक लेते हुए अगले मुकाबले में शानदार वापसी की और दिल्ली को 4-3 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

इसके बाद मजबूत उत्तर प्रदेश की टीम को हराकर झारखंड ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

इससे पहले झारखंड की जूनियर पुरुष टीम 2016 की राष्ट्रीय चैंपियनशिप में सेमीफाइनल तक पहुंची थी। उस समय टीम ने शुरुआती मुकाबले में हॉकी हिमाचल से हारने के बाद हॉकी भोपाल और हॉकी छत्तीसगढ़ को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। उस समय प्रतियोगिता में क्वार्टर फाइनल का प्रारूप नहीं था।

झारखंड जूनियर पुरुष टीम

अनमोल कोंगारी, गंगा टोपनो, टिंटस हेमरोम, पतरस हस्सा, सुजीत केरकेट्टा, साबियन किरो, साइमन डोडराय, प्रिंस साहू, अमन टिग्गा, रोहित तिर्की, घुरन लोहरा, ग्लेडसन भेंगरा, जोलेन टोपनो, निकोलस टोपनो, अंकित एक्का, विजय भोई, असिम एक्का और अंकित बरवार टीम का हिस्सा हैं।

सपोर्ट स्टाफ: टीम कोच विकास जोशी, टीम मैनेजर सुमित बाथम, टीम फिजियो साइकत भट्टाचार्य और वीडियो एनालिस्ट सत्यजीत दाभी।

झारखंड में जश्न

झारखंड के वर्षों बाद जूनियर राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में पहुंचने पर राज्यभर में खिलाड़ियों और हॉकी प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई। सिमडेगा, रांची और जमशेदपुर समेत विभिन्न स्थानों पर मैच देख रहे खिलाड़ियों ने झारखंड की जीत का जश्न मनाया।

सिमडेगा में हॉकी सिमडेगा की ओर से खिलाड़ियों के बीच मिठाई बांटकर जीत का जश्न मनाया गया। खिलाड़ियों ने मैदान में नाच-गाकर खुशी जताई और सेमीफाइनल में भी झारखंड की जीत की कामना की।

झारखंड टीम के सेमीफाइनल में पहुंचने पर हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह, महासचिव मनोज कोनबेगी, कोषाध्यक्ष असरिता लकड़ा, महानिदेशक विजय शंकर सिंह समेत हॉकी झारखंड के पदाधिकारियों, विभिन्न जिलों के अध्यक्ष-सचिवों और राज्य सरकार के खेल विभाग के अधिकारियों ने टीम को बधाई देते हुए अगले मुकाबले के लिए शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *