दुमका: श्रावणी मेला 2026 के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और देवघर-बासुकीनाथ के बीच तेज संपर्क सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 4 अगस्त से हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की जाएगी। झारखंड सरकार के कैबिनेट सचिवालय एवं निगरानी विभाग के नागरिक उड्डयन प्रभाग की ओर से यह पहल की जा रही है।
नागरिक उड्डयन विभाग के सौजन्य से झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट (JFI) के माध्यम से संचालित होने वाली यह सेवा आम लोगों के लिए व्यावसायिक किराये के आधार पर उपलब्ध होगी। श्रद्धालु देवघर और बासुकीनाथ धाम का हवाई दर्शन करने के साथ दोनों प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच हेलीकॉप्टर से सीधे आवागमन की सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
सेवा के सुचारु संचालन के लिए दुमका जिले में स्थित बासुकीनाथ हेलीपैड को मुख्य बेस हेलीपैड के रूप में विकसित किया गया है। उड़ान संचालन के लिए आवश्यक लॉजिस्टिक व्यवस्था और सुरक्षा प्रोटोकॉल तैयार किए गए हैं। श्रद्धालुओं और पर्यटकों तक सेवा की जानकारी पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है।
हवाई दर्शन और यात्रा का किराया
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हेलीकॉप्टर सेवा के लिए किराया निर्धारित किया गया है। इसके तहत देवघर या बासुकीनाथ का 7 से 10 मिनट का हवाई दर्शन 2,850 रुपये में कराया जाएगा।
वहीं, देवघर से त्रिकुट तक 10 से 15 मिनट के हवाई दर्शन का किराया 3,750 रुपये निर्धारित किया गया है। इसके अलावा देवघर से बासुकीनाथ या बासुकीनाथ से देवघर के बीच एकतरफा हेलीकॉप्टर यात्रा के लिए 4,500 रुपये देने होंगे।
श्रद्धालु हेलीकॉप्टर सेवा की बुकिंग और अन्य जानकारी के लिए www.jharkhandaviation.in पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर 9122583111 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

